The Duniyadari: Raipur– राजधानी के गंज थाना क्षेत्र में पदस्थ एक नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज हुए दो सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 26 मई को गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाकर संबंध बनाए।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे रायपुर के एक होटल में ले गया, जहां शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में जब उसने विवाह की बात की तो आरोपी ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
महिला का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार मामले को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं और पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है। पीड़िता ने निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं, मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















