The Duniyadari: बिलासपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) की बिलासपुर इकाई ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान के आबंटन के एवज में कुल एक लाख रुपये की मांग की थी। एसीबी ने मौके से 90 हजार रुपये बरामद कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
शिकायत के बाद रची गई ट्रैप की रणनीति
एसीबी के डीएसपी अजीतेश सिंह के अनुसार, महेंद्र पटेल नामक शिकायतकर्ता ने 3 फरवरी 2026 को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम विद्याडीह की शासकीय राशन दुकान के आबंटन के लिए संबंधित अधिकारी द्वारा एक लाख रुपये की मांग की जा रही है।
शिकायत की गोपनीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद एसीबी ने सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
आवास पर लेते ही दबोचा
21 फरवरी को शिकायतकर्ता ने 90 हजार रुपये की व्यवस्था कर आरोपी को सौंपे। जैसे ही आरोपी ने महावीर सिटी स्थित अपने निवास पर राशि स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से पूरी रकम बरामद की गई।
फिलहाल आरोपी के निवास पर तलाशी की कार्रवाई जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
































