Saturday, March 14, 2026
Home बिलासपुर बिलासपुर | रहस्यमय हालात में यूनिवर्सिटी छात्र लापता, तीन दिन से नहीं...

बिलासपुर | रहस्यमय हालात में यूनिवर्सिटी छात्र लापता, तीन दिन से नहीं मिला कोई सुराग

40

The Duniyadari : बिलासपुर । गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहे एक छात्र के अचानक लापता हो जाने से इलाके में चिंता का माहौल बन गया है। फर्स्ट सेमेस्टर में अध्ययनरत राहुल यादव बीते तीन दिनों से अपने किराये के कमरे और परिवार दोनों से संपर्क में नहीं है, जिससे परिजन और मित्र बेहद परेशान हैं।

मिली जानकारी के अनुसार राहुल कोनी क्षेत्र में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह 18 दिसंबर की सुबह विश्वविद्यालय जाने की बात कहकर कमरे से निकला था, लेकिन इसके बाद उसका कहीं कोई पता नहीं चला। न तो वह वापस कमरे लौटा और न ही अपने गृहग्राम पहुंचा।

राहुल मूल रूप से गौरेल–पेंड्रा–मरवाही जिले के मरवाही का निवासी है। जब काफी समय तक उससे संपर्क नहीं हो पाया तो परिजनों ने कोनी थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मोबाइल लोकेशन के जरिए राहुल की तलाश कर रही है। साथ ही उसके दोस्तों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है। इधर, परिवारजन और सहपाठी भी अपने स्तर पर हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि राहुल के बारे में कोई जानकारी मिल सके।

फिलहाल छात्र के अचानक गायब होने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन सभी की निगाहें अब पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं।