Friday, August 21, 2026
Home बिलासपुर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 21 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, महिला समेत...

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 21 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, महिला समेत दो गिरफ्तार

4

The Duniyadari: बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जीआरपी और आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर से एक महिला और एक पुरुष को संदिग्ध हालत में पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद दो बैगों से गांजे के 10 पैकेट बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थ का वजन 21.058 किलोग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर पर ओवरब्रिज के नीचे दो लोग गांजे की खेप के साथ मौजूद हैं। सूचना की पुष्टि के बाद जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने इलाके में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान संगीता मिश्रा (43) और सुशील मिश्रा (45) के तौर पर हुई। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। उनके सामान की जांच करने पर एक काले रंग के बैग और एक लाल ट्रॉली बैग से गांजे के पैकेट मिले। वजन करने पर कुल मात्रा 21.058 किलो पाई गई।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में जीआरपी ने बरामद गांजे को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जांच में शुरुआती तौर पर यह जानकारी सामने आई है कि दोनों आरोपी हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के जरिए गांजे की खेप लेकर बिलासपुर पहुंचे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से हुई थी और इसे आगे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही मामले में जुड़े संभावित अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव सहित जीआरपी और आरपीएफ बिलासपुर के अधिकारियों एवं जवानों की अहम भूमिका रही। रेल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।