The Duniyadari : बीजापुर, 18 जनवरी। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच जारी मुठभेड़ दूसरे दिन भी थमी नहीं। नेशनल पार्क क्षेत्र में 17 जनवरी से चल रहे ऑपरेशन के दौरान रविवार को तलाशी अभियान के समय नक्सलियों ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की मुस्तैदी और जवाबी कार्रवाई में दो और माओवादी मारे गए।
अब तक 6 शव बरामद, 4 महिलाएं शामिल
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि इलाके में रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है और सर्च ऑपरेशन जारी है। अब तक कुल छह माओवादियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें चार महिला और दो पुरुष शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों में डीवीसीएम दिलीप बेड़जा, एसीएम माड़वी कोसा, एसीएम लक्खी मड़काम और पार्टी मेंबर राधा मेट्टा की पहचान हुई है, जबकि दो अन्य की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
हथियारों का जखीरा हाथ लगा
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की है। बरामद सामान में दो एके-47, एक इंसास राइफल, दो .303 राइफल, एक कार्बाइन और छह ग्रेनेड शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से माओवादी नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है।
इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर घेराबंदी सख्त कर दी गई है और ऑपरेशन के अगले चरण में फरार माओवादियों की तलाश की जा रही है।
































