The Duniyadari: रायपुर/कोरबा- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के नेतृत्व में प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 47 नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। इसमें 4 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 8 मंत्री, 4 संगठन सचिव, 6 सह मंत्री और 22 सदस्य शामिल हैं।
कोरबा जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब भाजपा ने जिले की जुझारू महिला नेत्री ऋतु चौरसिया को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी। राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता के लिए जानी जाने वाली ऋतु चौरसिया पूर्व में प्रदेश मंत्री (ओबीसी मोर्चा), प्रदेश सदस्य (पोषण अभियान), पूर्व पार्षद और पूर्व महापौर प्रत्याशी रह चुकी हैं।
महामारी के कठिन दौर में उन्होंने अपने पार्षद मानदेय को कोविड मरीजों की मदद के लिए दान कर दिया था और लगातार मरीजों की सेवा व राहत कार्यों में जुटी रहीं। इस निस्वार्थ सेवा और संगठन में सक्रिय भूमिका ने उन्हें पार्टी में मजबूत पहचान दिलाई है। उनके दादा जनसंघी नेता और पिता स्वर्गीय आर.के. चौरसिया राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे हैं।
हालांकि इस विस्तार में कोरबा के कई चर्चित नेताओं — जोगेश लांबा, अशोक चावलानी, विकास महतो, ज्योतिनंद दुबे, राजीव सिंह और हितानंद अग्रवाल — को जगह नहीं मिली, जिससे स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हैरानी और चर्चा दोनों है।