Saturday, July 18, 2026
Home Breaking भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट, 18 जुलाई को स्कूल और...

भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट, 18 जुलाई को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में गतिविधियां स्थगित

3

The Duniyadari: Bilaspur- मौसम विभाग की ओर से अगले 48 से 72 घंटों के दौरान जिले में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और संभावित परिस्थितियों से निपटने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, 18 जुलाई को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 12वीं तक की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में भी गतिविधियां संचालित नहीं होंगी। हालांकि स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और अन्य प्रशासनिक कर्मचारी संस्थानों में उपस्थित रहेंगे।

प्रशासन ने स्कूल भवनों, जरूरी दस्तावेजों और अन्य संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। जरूरत पड़ने पर मजबूत और सुरक्षित भवनों को अस्थायी राहत केंद्र के रूप में उपयोग करने की तैयारी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिले और ब्लॉक स्तर पर नियंत्रण कक्षों को सक्रिय कर दिया गया है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को ग्राम कोटवारों के माध्यम से मौसम और जलस्तर की स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

जल संसाधन विभाग को बांधों और जलाशयों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में बसे गांवों को संभावित जलप्रवाह से कम से कम तीन घंटे पहले सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने सक्षम अनुमति के बिना नदी में पानी छोड़ने पर भी रोक लगाई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों पर जाने से बचें।