Saturday, July 18, 2026
Home Breaking रामनगर-देहरादून के बीच शुरू हुई पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन, कुमाऊं और गढ़वाल...

रामनगर-देहरादून के बीच शुरू हुई पहली सीधी एक्सप्रेस ट्रेन, कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत

8

The Duniyadari: नई दिल्ली/Raipur- उत्तराखंड के यात्रियों को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई ट्रेन के शुरू होने से रामनगर और देहरादून के बीच पहली बार सीधी एक्सप्रेस रेल सेवा उपलब्ध हो गई है।

यह ट्रेन उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों को सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। नई रेल सेवा से छात्रों, व्यापारियों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ट्रेन संख्या 15310 रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15309 देहरादून से दोपहर 3:55 बजे चलेगी और रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। यह सेवा प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी।

मार्ग में ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में एसी, चेयर कार, स्लीपर, सेकंड सिटिंग और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे।

नई ट्रेन सेवा से रामनगर और आसपास के क्षेत्रों से देहरादून व हरिद्वार तक एक ही दिन में आने-जाने की सुविधा बेहतर होगी। इससे लोगों को अपने जरूरी सरकारी, व्यावसायिक, शैक्षणिक और व्यक्तिगत काम पूरे कर वापस लौटने में आसानी होगी।

रेलवे कनेक्टिविटी मजबूत होने से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क, गिरिजा देवी मंदिर और क्षेत्र के अन्य पर्यटन व धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। वहीं हरिद्वार और देहरादून के माध्यम से चारधाम यात्रा मार्ग से जुड़ने वाले यात्रियों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह ट्रेन उत्तराखंड के दो प्रमुख भौगोलिक क्षेत्रों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करेगी। उन्होंने बताया कि हरिद्वार पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के लिए ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को फीडर स्टेशन के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के 11 प्रमुख स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई रेल सेवा को राज्य के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेल परियोजनाओं के विस्तार से राज्य के पर्यटन, धार्मिक गतिविधियों और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के निर्माण कार्य को भी राज्य के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।