Thursday, July 9, 2026
Home Breaking भारी बारिश में नदी में बह गए हजारों एलपीजी सिलेंडर, प्रशासन ने...

भारी बारिश में नदी में बह गए हजारों एलपीजी सिलेंडर, प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क

11

The Duniyadari: नई दिल्ली- महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पनवेल तालुका के चावणे क्षेत्र स्थित एचपीसीएल के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर तेज बहाव के साथ पातालगंगा नदी में बह गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब तीन हजार एलपीजी सिलेंडर पानी के तेज बहाव में बह गए। इनमें कुछ सिलेंडर गैस से भरे हुए हैं, जबकि कुछ खाली बताए जा रहे हैं। लगातार बारिश और बढ़े जलस्तर के कारण यह घटना हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि नदी या आसपास बहकर पहुंचे किसी भी सिलेंडर को छूने, घर ले जाने या खोलने की कोशिश न करें, क्योंकि यह पता नहीं होता कि उसमें गैस भरी है या नहीं और उसकी स्थिति कितनी सुरक्षित है।

प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं बहकर आया गैस सिलेंडर दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को दें और उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।