Saturday, April 18, 2026
Home Breaking भीषण गर्मी पर कांग्रेस की मांग: स्कूलों में तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित...

भीषण गर्मी पर कांग्रेस की मांग: स्कूलों में तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करने की अपील

19

The Duniyadari: रायपुर में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। तापमान में हो रही तेज वृद्धि से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते जहां आम लोग परेशान हैं, वहीं छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ने लगी है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने बयान जारी कर कहा कि इस भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। उन्होंने बताया कि स्कूल बसों और ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा है, जिससे तेज गर्मी में डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि स्कूलों के कक्षाओं में बढ़ते तापमान के कारण बच्चों की एकाग्रता प्रभावित हो रही है और कई छात्र अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं। वहीं शिक्षकों को भी इस असहनीय गर्मी में पढ़ाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

कन्हैया अग्रवाल ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से मांग करते हुए कहा कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सभी सरकारी और निजी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और समय रहते निर्णय नहीं लिया गया तो इसके गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।

उन्होंने प्रशासन से मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए छात्रों और शिक्षकों को इस भीषण गर्मी से राहत दिलाने की अपील की है।