Saturday, October 24, 2026
Home Uncategorized भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, पूर्व गृहमंत्री की...

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, पूर्व गृहमंत्री की बेटी समेत तीन की मौत

141

The Duniyadari : इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने शहर को गहरे सदमे में डाल दिया। बायपास मार्ग पर रालामंडल के पास तेज रफ्तार नेक्सन कार पीछे से एक भारी वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

इस हादसे में पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की पुत्री प्रेरणा बच्चन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रेरणा की जल्द ही शादी होने वाली थी और परिवार में समारोह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस दुर्घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

हादसे में दो युवक और एक अन्य युवती की भी घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती अनुष्का को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

दुर्घटना के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए वाहन को काटना पड़ा। वहीं, टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सभी युवक-युवतियां किसी आयोजन से लौट रहे थे।

तेजाजी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच के साथ फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।