Sunday, June 7, 2026
Home Breaking भूतहिया नाला के पास मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका...

भूतहिया नाला के पास मिला अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

11

The Duniyadari: मनेन्द्रगढ़– जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंआरपुर चौकी इलाके में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भूतहिया नाला के समीप खून से सना शव मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

प्रारंभिक जांच में शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है और उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से पुलिस ने एक टोपी, जूता और इलेक्ट्रिक तार भी बरामद किया है। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के पहलू पर भी जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत के सरपंच ने पुलिस को नाले के पास शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, हालांकि उसके दाहिने हाथ पर “दीपक” नाम का टैटू बना हुआ मिला है, जो पहचान में अहम सुराग साबित हो सकता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक क्षेत्र में सुबह से ही शव मिलने की चर्चा थी। मौके पर पहुंचकर लोगों ने स्थिति देखी और इसकी जानकारी पुलिस को दी। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाने के साथ-साथ मृतक की शिनाख्त के प्रयास में लगी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।