Friday, July 17, 2026
Home रायगढ़ मंगल कार्बन प्लांट हादसा: एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से...

मंगल कार्बन प्लांट हादसा: एक ही परिवार के तीन चिराग बुझने से गांव में मातम

58

The Duniyadari: रायगढ़, 13 फरवरी (वेदांत समाचार)। जिले के मंगल कार्बन प्लांट में हुए भीषण हादसे ने एक परिवार की खुशियां पूरी तरह छीन लीं। दुर्घटना में पिता, पुत्र और नौ माह की मासूम बच्ची समेत एक ही घर के तीन सदस्यों की जान चली गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर है।

परिवार ने अभी एक दिन पहले ही बच्ची को सुपुर्द-ए-खाक किया था। इस सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि हादसे में गंभीर रूप से झुलसे पिता और बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गुरुवार को साहेबलाल खड़िया (46) और उनके बेटे शिव खड़िया (27) के पार्थिव शरीर को रजघट्टा गांव स्थित उनके घर लाया गया, जहां पहले से बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मौजूद थे।

घर का आंगन गम और सिसकियों से भरा था। दोनों शवों को सफेद कफन में लपेटकर रखा गया था। साहेबलाल के बुजुर्ग पिता कुंजराम खड़िया अपने बेटे और पोते के पास खामोशी से बैठे रहे। उनकी आंखों में आंसू थे, मगर उम्र और सदमे ने उन्हें जैसे शब्दहीन कर दिया था। पास ही बहू आशा खड़िया का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि बेटी आरती गहरे दुख में एक ओर चुपचाप बैठी रही।

समय बीतने के साथ अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हुईं। दोपहर करीब ढाई बजे पिता और पुत्र की अर्थियां एक साथ घर से निकलीं। पूरे गांव ने नम आंखों से दोनों को अंतिम विदाई दी, और शोक में डूबा माहौल देर तक कायम रहा।