Thursday, June 25, 2026
Home रायपुर रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 17 लाख नकद जब्त

रायपुर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 17 लाख नकद जब्त

57

The Duniyadari: रायपुर, 13 फरवरी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 17 लाख रुपये नकद और कई इलेक्ट्रॉनिक व वित्तीय दस्तावेज जब्त किए हैं। यह कार्रवाई कबीर नगर थाना क्षेत्र में की गई, जहां अवैध ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

संयुक्त टीम ने तिरंगा चौक के पास छापा मारकर दीपक सचदेवा, गौरव सचदेवा, ऋषभ रंगलानी और ओम खेमानी को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी के साथ 7 मोबाइल फोन, 4 बैंक पासबुक, 27 एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड और अन्य जरूरी कागजात बरामद हुए।

जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। वे यूजर आईडी बेचकर अवैध कमाई करते थे और लेनदेन के लिए कथित “म्यूल अकाउंट” का इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब इन खातों से जुड़े लोगों की पहचान जुटाने में लगी है, ताकि पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।

साल 2026 में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1.92 करोड़ रुपये, लैपटॉप, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए जा चुके हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल की निगरानी में की गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से दीपक सचदेवा और ओम खेमानी पहले भी सट्टा संबंधी मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की जानकारी भी जुटाई है और उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। आरोपियों पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।