The Duniyadari: रायगढ़- मंत्रालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को रामविचार नेताम का बहनोई बताकर चार लोगों से कुल 22 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित समारू राम टंडन (51) की मुलाकात रायपुर में आरोपी दंपती राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई थी। बातचीत के दौरान राम ठाकुर ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताते हुए मंत्रालय में अपनी पहुंच होने का दावा किया और सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोपी की बातों पर विश्वास कर पीड़ित ने अपने बेटे को मंत्रालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के लिए रकम दी। इसके अलावा पीड़ित के कुछ परिचितों ने भी नौकरी के लालच में आरोपी को पैसे सौंप दिए।
बताया जा रहा है कि रकम लेने के बाद आरोपी ने सभी को अपने घर बुलाकर नियुक्ति पत्र भी सौंप दिए, लेकिन जॉइनिंग के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद जब नौकरी को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिली, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।















