महंगाई भत्ता बढ़ोतरी लागू: छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को 3% डीए का लाभ, आदेश जारी

9

The Duniyadari :रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के लाखों शासकीय कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते में की गई बढ़ोतरी को लागू करने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा राज्य कर्मचारी संघ के आठवें प्रांतीय अधिवेशन में घोषित 3 प्रतिशत डीए वृद्धि के संबंध में वित्त विभाग ने अब आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

जारी निर्देशों के मुताबिक, प्रदेश के सभी शासकीय विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 सितंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा। सातवें वेतनमान के कर्मचारियों को अब 55 प्रतिशत, जबकि छठवें वेतनमान के तहत आने वाले कर्मचारियों को 252 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय होगा।

सरकारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि डीए की गणना केवल मूल वेतन पर की जाएगी। किसी भी प्रकार के विशेष या व्यक्तिगत वेतन को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा। हालांकि, बढ़ी हुई दर से मिलने वाली राशि का वास्तविक भुगतान जनवरी 2026 से शुरू होगा।

सरकार के इस निर्णय से शासकीय कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने इसे बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को मिली अहम राहत बताते हुए मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है।