The Duniyadari: Raipur – छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्रीगण और पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आगामी विधानसभा सत्र में सरकार की रणनीति, विभिन्न विभागों की तैयारियों और विपक्ष की ओर से उठाए जा सकने वाले मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को सदन में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की रूपरेखा भी तैयार की गई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायकों से उनके विधानसभा क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और जनता से जुड़े विषयों पर फीडबैक लिया। इसके अलावा विकास कार्यों, विभागीय योजनाओं और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर भी चर्चा की गई, ताकि सत्र के दौरान सभी जनहित के मुद्दों पर स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब दिया जा सके।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें वित्तीय कार्यों के साथ कई महत्वपूर्ण शासकीय विषयों पर चर्चा होगी।
वहीं, विपक्ष भी कानून व्यवस्था, किसानों की समस्याओं, बिजली-पानी, सड़क निर्माण, खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। इसे देखते हुए भाजपा विधायक दल की यह बैठक सत्र की दृष्टि से काफी अहम मानी जा रही है।
बैठक के माध्यम से पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिए कि मानसून सत्र के दौरान सरकार विपक्ष के हर सवाल का तथ्यों और तैयारियों के साथ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।















