The Duniyadari: रायपुर/दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब आम लोगों और कारोबारियों की जेब पर दिखने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के बाद सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें बुधवार से लागू हो गई हैं, जिससे होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की लागत बढ़ गई है।
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़कर 2,078.50 रुपये पहुंच गई है। इससे पहले 1 मार्च को भी इस सिलेंडर के दाम में 114.50 रुपये की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ रही कीमतों से छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि घरेलू उपयोग वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम पहले जैसे ही बने हुए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये पर स्थिर है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में आखिरी बार 7 मार्च को 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
तेल कंपनियों के अनुसार हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुझान और डॉलर-रुपया विनिमय दर के आधार पर एलपीजी और विमान ईंधन की कीमतों में संशोधन किया जाता है। मिडिल-ईस्ट में जारी संघर्ष के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसके कारण कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50 प्रतिशत तक उछाल देखा गया है।
वहीं पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछले वर्ष मार्च में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती के बाद से कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है।















