Thursday, July 16, 2026
Home छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टर-एसपी बैठक में दिए निर्देश — महिला अपराधों पर...

मुख्यमंत्री साय ने कलेक्टर-एसपी बैठक में दिए निर्देश — महिला अपराधों पर संवेदनशीलता और साइबर जागरूकता पर जोर

176

The Duniyadari : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर और एसपी की संयुक्त बैठक का दूसरा दिन जारी है। बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था और जिलों के प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा की जा रही है। साथ ही, नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हो रही है।

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला और बालिका से संबंधित अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में निर्धारित समयावधि में चालान प्रस्तुत किया जाना आवश्यक है, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।

बैठक में साइबर अपराधों पर भी विशेष चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराधों के तौर-तरीके लगातार बदल रहे हैं, इसलिए जनता को सतर्क करना और जागरूकता अभियान चलाना जरूरी है। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ साइबर सुरक्षा अभियान तेज करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में वर्तमान में 5 साइबर थाने संचालित हैं, और जल्द ही 9 नए साइबर थाने शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा, साइबर हेल्पलाइन नंबर का अधिकतम प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।

इस बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह सहित रेंज आईजी, कलेक्टर, एसपी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।