The Duniyadari: सक्ती जिले में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतका की मां ने अपनी बेटी को जिंदा जलाने का आरोप उसके कथित प्रेमी पर लगाया है। उनका कहना है कि घटना के बाद भी पुलिस ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे परिवार में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय दिशा मरावी गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पताल पहुंचाई गई थी, जहां करीब आठ दिन तक उपचार चलने के बाद उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि युवती पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाई गई। घटना के बाद आरोपी पक्ष के कुछ लोगों ने ही उसे अस्पताल पहुंचाया और बाद में अज्ञात नंबर से परिवार को सूचना दी गई।
मृतका की मां ने यह भी आरोप लगाया कि आदिवासी परिवार से होने के कारण उन पर दबाव बनाया जा रहा है और कार्रवाई टाली जा रही है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
































