The Duniyadari: तखतपुर- जिले के खपरी स्थित शिवायम राइस मिल में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक मजदूर की जान चली गई। अचानक हुए इस हादसे से परिवार समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, राइस मिल में धान की लोडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एलिवेटर का टीन अचानक फट गया और वहां काम कर रहा मजदूर राकेश केवट धान के ढेर में दब गया। हादसे के बाद उसे निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि वह करीब एक घंटे तक धान के नीचे फंसा रहा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास में काम कर रहा एक अन्य मजदूर बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद घायल मजदूर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेक पांडेय और नायब तहसीलदार रोशनी कंवर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा परिजनों और मिल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।















