Wednesday, June 3, 2026
Home कोरबा राज्योत्सव से पहले लापरवाही: नेताओं के कटआउट को पशु ट्रॉली में ढोया,...

राज्योत्सव से पहले लापरवाही: नेताओं के कटआउट को पशु ट्रॉली में ढोया, निगम में हड़कंप

129

The Duniyadari : कोरबा। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की रजत जयंती पर ओपन थिएटर में 2 से 4 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों के बीच नगर निगम की बड़ी चूक सामने आई है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, श्रम मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के बड़े कटआउट को पशुओं को पकड़ने वाली ट्रॉली में ढोते देखा गया। यह दृश्य सामने आते ही निगम प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

महापौर संजु देवी राजपूत के निर्देश पर निगम आयुक्त ने इस घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की पहल की है। आयुक्त ने संबंधित तीन अधिकारियों से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही चेतावनी दी है कि जवाब असंतोषजनक मिलने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

किन अधिकारियों पर गिरी गाज?

जांच में पाया गया कि नेताओं के कटआउट को पशु ट्रॉली में परिवहन की जानकारी इन अधिकारियों को थी—

अश्विनी दास, उप अभियंता — राज्योत्सव स्थल पर होर्डिंग व्यवस्था की जिम्मेदारी

• रविंद्र थवाईत, स्वच्छता निरीक्षक — काऊ कैचर वाहन के प्रभारी

• अभय मिंज, उप अभियंता — निगम के वाहन शाखा प्रभारी

इन पर कर्तव्यहीनता और आचरण नियम 1965 के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर विपक्ष ने भी निगम प्रशासन को आड़े हाथों लिया है और पूरी घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।