Thursday, August 13, 2026
Home Breaking रायपुर में ‘आजादी की धुन’ से गूंजा ऑडिटोरियम, 100 युवा कलाकारों ने...

रायपुर में ‘आजादी की धुन’ से गूंजा ऑडिटोरियम, 100 युवा कलाकारों ने बांधा देशभक्ति का समां

4

The Duniyadari: Raipur- स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी रायपुर में देशभक्ति और संगीत का अनोखा संगम देखने को मिला। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित ‘आजादी की धुन’ कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे 100 युवा कलाकारों ने एक साथ लाइव बैंड प्रस्तुति दी। विभिन्न वाद्ययंत्रों से निकली देशभक्ति की धुनों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ‘आजादी की धुन’ केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद करने तथा युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत करने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संगीत लोगों की भावनाओं को जोड़ने की ताकत रखता है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गीतों, कविताओं और नारों ने भी लोगों में आजादी की चेतना जगाने और सेनानियों का हौसला बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और बलिदानियों को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी अनगिनत लोगों के संघर्ष और त्याग का परिणाम है। इसलिए स्वतंत्रता का अर्थ केवल अधिकारों का आनंद लेना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाना भी है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान का उल्लेख करते हुए वीर नारायण सिंह और वीर गुण्डाधुर के संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती के इन वीर सपूतों का साहस और बलिदान आज भी छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए युवाओं से अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग देश के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कलाकारों को हरेली पर्व की शुभकामनाएं देने के साथ स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई भी दी। समारोह में विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कलाकार, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।