Monday, October 26, 2026
Home रायपुर रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली का असर, पहले जारी तबादला आदेशों...

रायपुर में पुलिस कमिश्नर प्रणाली का असर, पहले जारी तबादला आदेशों पर आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने लगाई रोक

101

The Duniyadari : रायपुर। राजधानी रायपुर में इसी माह 23 तारीख से पुलिस आयुक्त प्रणाली लागू होने के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और बिलासपुर रेंज के पूर्व आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने रायपुर के पहले पुलिस आयुक्त के रूप में पदभार संभालते ही कमिश्नरी व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लेना शुरू कर दिया है।

पुलिस कमिश्नर प्रणाली के तहत एडिशनल सीपी, डीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती के बाद सभी अधिकारियों ने अपने-अपने दायित्व संभाल लिए हैं। इसी कड़ी में पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने थाना क्षेत्रों से संबंधित एक अहम आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, आयुक्त प्रणाली लागू होने से पहले आरक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों और कर्मचारियों के जो स्थानांतरण आदेश जारी किए गए थे, उन्हें फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। साथ ही, जिन पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना पर रवानगी शेष थी, उन्हें भी आगे की सूचना तक कार्यमुक्त नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस विभाग का मानना है कि इस निर्णय से कमिश्नरी व्यवस्था के तहत कार्यप्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने में मदद मिलेगी और थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था में स्थिरता बनी रहेगी। राजधानी में लागू हुई नई पुलिस प्रणाली के चलते आने वाले दिनों में और भी प्रशासनिक निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।