The Duniyadari: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में IPL 2026 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। आज होने वाले मुकाबले में Mumbai Indians और Royal Challengers Bengaluru आमने-सामने होंगी। मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर जमकर अभ्यास करते नजर आए, जबकि अंपायरों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेडियम के बाहर से लेकर अंदर तक क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज Tim David ने मुकाबले से पहले टीम की मानसिकता और तैयारियों को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि टीम इस मैच में सकारात्मक सोच के साथ उतर रही है और पिछले मुकाबलों से मिली अच्छी चीजों को आगे भी बरकरार रखना चाहती है। उनके मुताबिक, खिलाड़ी बिना अतिरिक्त दबाव के अपना स्वाभाविक खेल दिखाने पर फोकस कर रहे हैं।
Tim David ने बताया कि टीम एक दिन पहले ही रायपुर पहुंच गई थी ताकि यहां की परिस्थितियों और पिच को बेहतर तरीके से समझा जा सके। उन्होंने माना कि हर नया मैदान अलग चुनौती लेकर आता है, लेकिन अनुभवी खिलाड़ियों वाली टीम होने के कारण मुंबई इंडियंस जल्दी माहौल में ढल जाती है।
बड़े शॉट्स को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अगर बल्लेबाज का टाइमिंग सही हो तो मैदान का आकार ज्यादा मायने नहीं रखता। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि गलत शॉट चयन बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है। उन्होंने रायपुर के दर्शकों की तारीफ करते हुए कहा कि यहां का माहौल हमेशा ऊर्जा से भरा रहता है और फैंस मैच को खास बना देते हैं।
दोनों टीमों में स्टार खिलाड़ियों की भरमार है, ऐसे में मुकाबले के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है। मुंबई इंडियंस जहां जीत की लय हासिल करना चाहेगी, वहीं RCB भी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी। क्रिकेट प्रशंसकों को आज एक हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।















