Sunday, May 10, 2026
Home Breaking IPL मैच में नकली टिकट बेचने वाले छत्तीसगढ़ के 4 युवक लखनऊ...

IPL मैच में नकली टिकट बेचने वाले छत्तीसगढ़ के 4 युवक लखनऊ में गिरफ्तार

11
Oplus_16908288

*कोरेल ड्रॉ से बनाते थे फर्जी टिकट, एकाना स्टेडियम के बाहर फैंस को लगा रहे थे चूना; रायपुर पुलिस ने भी की पुष्टि*

The Duniyadari: रायपुर/लखनऊ-  उत्तर प्रदेश पुलिस ने IPL मैच के दौरान लखनऊ के एकाना स्टेडियम के बाहर फर्जी टिकट बेचकर फैंस से ठगी करने वाले छत्तीसगढ़ के चार युवकों को गिरफ्तार किया है। रायपुर पुलिस ने भी लखनऊ से मिले इनपुट की पुष्टि की है। आरोपी सोशल मीडिया से असली टिकट की तस्वीर लेकर CorelDRAW से नकली टिकट तैयार करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रायपुर के श्रीकांत बोरकर (30), नूतन कुमार साहू (28), राजेंद्र चौधरी (29) और विश्वजीत साहू (22) के रूप में हुई है। श्रीकांत और राजेंद्र कार वॉश का काम करते थे, जबकि नूतन और विश्वजीत डिजाइनर हैं। श्रीकांत को भी डिजाइनिंग का काम आता है।

पुलिस के मुताबिक जालौन निवासी प्रदीप सिंह ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रदीप IPL मैच देखने एकाना स्टेडियम पहुंचे थे। स्टेडियम के बाहर कुछ युवकों से उन्होंने दो टिकट खरीदे और QR कोड स्कैन कर 1,000 रुपये ऑनलाइन पेमेंट किया। गेट पर जांच में टिकट नकली निकले। शिकायत पर केस दर्ज किया गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को दोधन खेड़ा चौराहे के पास छापा मारकर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में राजेंद्र चौधरी ने बताया कि आर्थिक तंगी और नया ऑफिस खोलने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसलिए उसने विश्वजीत और नूतन के साथ मिलकर नकली टिकट बनाने-बेचने की योजना बनाई।

विश्वजीत ने बताया कि वह 2D/3D और एलिवेशन डिजाइनिंग का काम करता है। उसने यह यूट्यूब और कोचिंग से सीखा था। आरोपियों ने बताया कि पहले रायपुर में एक मैच के लिए उन्होंने ब्लैक में टिकट खरीदकर स्टेडियम में एंट्री ली थी। उसी से आइडिया आया कि नकली टिकट बनाकर बेचे जा सकते हैं। विश्वजीत ने CorelDRAW से टिकट डिजाइन किए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी दिल्ली समेत दूसरे शहरों में मैचों के दौरान नकली टिकट बेच चुके हैं। इनके पास से मैच के फर्जी टिकट, मोबाइल फोन, ऑनलाइन लेन-देन के डिजिटल सबूत और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। रायपुर पुलिस भी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।