Thursday, March 26, 2026
Home Breaking रायपुर संभाग में शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा, अब विदेश भेजना हुआ...

रायपुर संभाग में शुरू हुई अंतरराष्ट्रीय पार्सल सेवा, अब विदेश भेजना हुआ आसान

9

The Duniyadari: रायपुर- डाक विभाग ने आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रायपुर संभाग के प्रमुख डाकघरों और उपडाकघरों में अंतरराष्ट्रीय पार्सल एवं विदेशी लेख बुकिंग सेवा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा के जरिए अब नागरिक दस्तावेज, पार्सल और अन्य आवश्यक सामग्री को दुनिया के विभिन्न देशों में आसानी से भेज सकेंगे।

डाक विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, यह सेवा सुरक्षित और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संचालित की जा रही है। ग्राहकों को पार्सल की पैकेजिंग से लेकर सुरक्षित हैंडलिंग तक आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही पार्सल की स्थिति जानने के लिए ऑनलाइन ट्रैकिंग सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे भेजी गई सामग्री की निगरानी करना आसान होगा।

डाक विभाग का कहना है कि यह सेवा निजी कूरियर कंपनियों की तुलना में अधिक किफायती है। वहीं, सरकारी व्यवस्था के तहत संचालित होने के कारण इसकी विश्वसनीयता भी अधिक मानी जा रही है। बुकिंग के लिए ग्राहक को पार्सल के साथ प्राप्तकर्ता का पूरा पता और वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद रसीद दी जाएगी, जिसमें ट्रैकिंग नंबर भी उपलब्ध रहेगा।

इसके अलावा, भारी या अधिक संख्या में पार्सल भेजने वाले ग्राहकों के लिए नि:शुल्क पिकअप सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। डाक विभाग ने नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और विदेश में रहने वाले परिवारों से इस सेवा का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।