राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी ‘बस्तर पंडुम 2026’ का शुभारंभ, जगदलपुर में सजेगा आदिवासी संस्कृति का महाकुंभ

10

The Duniyadari: रायपुर। बस्तर की समृद्ध आदिवासी परंपराओं और लोक संस्कृति को राष्ट्रीय मंच देने वाला तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘बस्तर पंडुम 2026’ 7 फरवरी से जगदलपुर में शुरू हो रहा है। इस भव्य आयोजन का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। संभाग स्तरीय यह महोत्सव 9 फरवरी तक चलेगा, जिसमें जनजातीय समाज की जीवनशैली, परंपराएं, मान्यताएं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय जनजातीय एवं लोक संस्कृति महोत्सव का उद्घाटन समारोह 7 फरवरी को सुबह 11 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

यह उत्सव बस्तर की पहचान, गौरव और पारंपरिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। इसके जरिए बस्तर अंचल की लोक संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

12 विधाओं में दिखेगी जनजातीय संस्कृति की झलक

महोत्सव में इस बार 12 अलग-अलग विधाओं के जरिए बस्तर की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित किया जाएगा। युवा कलाकार जनजातीय नृत्य, लोकगीत, नाट्य प्रस्तुतियां, पारंपरिक वाद्ययंत्र, वेशभूषा और आभूषण, पूजा पद्धति, बस्तर शिल्प और जनजातीय चित्रकला का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही पारंपरिक पेय पदार्थ, स्थानीय व्यंजन, आंचलिक साहित्य और बस्तर की वन औषधियों के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग और महेश कश्यप सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। महापौर संजय पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में आम नागरिकों की भागीदारी भी इस सांस्कृतिक महाकुंभ को खास बनाएगी।