राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन ने महावीर मंदिर में टेका माथा, पिता को किया नमन

25

The Duniyadari : पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद मंत्री नितिन नवीन ने मंगलवार सुबह राजधानी स्थित महावीर मंदिर में दर्शन-पूजन कर अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय नवीन किशोर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मीडिया से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि उनके पिता भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता थे और अक्सर कहा करते थे कि पार्टी केवल संगठन नहीं, बल्कि मां के समान होती है। उन्हीं संस्कारों और विचारों से प्रेरित होकर वे आज पार्टी की सेवा में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए उन्हें पिता के आशीर्वाद से मानसिक और नैतिक बल मिला है। साथ ही उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों के अनुरूप कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई। नितिन नवीन ने कहा कि मोदी जी की राजनीति सेवा, समर्पण और अंत्योदय की भावना पर आधारित है, जिसे आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि संगठन में धैर्य, निष्ठा और निरंतर परिश्रम ही आगे बढ़ने का मार्ग है। पार्टी हर कार्यकर्ता के योगदान को महत्व देती है और सही समय पर उसे पहचान भी मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का लक्ष्य पद या सत्ता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सहायता पहुंचाना है।

इस अवसर पर मौजूद स्थानीय कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों ने नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी नई दिशा मिलेगी। नितिन नवीन ने सभी से एकजुट होकर पार्टी के लक्ष्यों को पूरा करने की अपील की।