Saturday, September 5, 2026
Home कोरबा राहुल गांधी के खिलाफ FIR के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह मार्च,...

राहुल गांधी के खिलाफ FIR के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह मार्च, कोरबा में सड़क पर उतरे कांग्रेसी

13

‏The Duniyadari: कोरबा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर एवं ग्रामीण के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में सत्याग्रह मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से टीपी नगर चौक तक मार्च निकालकर कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज एफआईआर के विरोध में देशभर के जिला मुख्यालयों में सत्याग्रह मार्च आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में कोरबा में भी पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, नोवेल वर्मा और विधायक फूलसिंह राठिया की विशेष मौजूदगी में प्रदर्शन किया गया।

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दलितों के अपमान से जुड़े मुद्दे को उठाया था। उनका आरोप है कि उत्तराखंड के हल्द्वानी की घटना में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के बजाय राहुल गांधी के विरुद्ध ही कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिला कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान के लिए जिम्मेदार भाजपा पदाधिकारियों पर कार्रवाई होने तक पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला अध्यक्ष एवं पार्षद नारायण कुर्रे ने कहा कि खड़गे के भाषण स्थल को गंगाजल से शुद्ध करने वालों के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों पर कार्रवाई की मांग करने पर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। कांग्रेस नेताओं ने इसे दलित सम्मान और संविधान के लिए उठ रही आवाज को दबाने की कोशिश बताया।

सत्याग्रह मार्च में प्रदेश कांग्रेस सचिव बी.एन. सिंह, प्रदेश पदाधिकारी श्याम सुंदर सोनी, रेखा त्रिपाठी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू, जिला कांग्रेस पदाधिकारी आनंद पालीवाल, दुष्यंत शर्मा, संतोष यादव, संतोष देवांगन, आंगन बाई, सोनू अग्रवाल, रमेश वर्मा, सुखविंदर सिंह, संगीता श्रीवास, ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, गोरेलाल यादव, अशरफ मेमन, भोला गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष पालुराम साहू, जवाहर निर्मलकर, रोपा तिर्की, इकबाल कुरैशी, पार्षद बद्री किरण, अनुज जायसवाल, पूर्व पार्षद अंतराम प्रजापति, सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह, अमित पन्ना, सिकंदर मेमन, अनवर रजा, मुन्ना खान, चलेश्वर सिंह, कुंजबिहारी साहू, जीतेन्द्र कुर्रे, हरविंदर सिंह, रवि टोप्पो, अनिल सिंह, सजीदा बेगम, मीरा सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।