Saturday, April 18, 2026
Home Breaking रिश्वत लेते पटवारी का वीडियो वायरल, “ऊपर तक हिस्सेदारी” की बात से...

रिश्वत लेते पटवारी का वीडियो वायरल, “ऊपर तक हिस्सेदारी” की बात से मचा हड़कंप, निलंबन की कार्रवाई

9

The Duniyadari: गरियाबंद-  जिले में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। छुरा तहसील में पदस्थ एक पटवारी का किसान से रिश्वत लेते हुए ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

जिसके बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पटवारी को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले में संबंधित आरआई और तहसीलदार से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हल्का नंबर 28 में पदस्थ पटवारी खेमराज साहू का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक किसान से पैसे लेते दिखाई दे रहा है। वीडियो में पटवारी यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि रिश्वत की राशि का हिस्सा “ऊपर तक” जाता है। वहीं वायरल ऑडियो में पटवारी किसान से मौके पर पहुंचने से पहले “ठंडी बियर” की व्यवस्था करने की बात भी करता सुनाई दिया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

बताया जा रहा है कि यह ऑडियो-वीडियो करीब 10 दिन पुराना है।

कियुटीझर गांव के एक किसान से बटांकन के लिए नक्शा काटने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की गई थी।

वायरल वीडियो में किसान द्वारा 5 हजार रुपये देते हुए भी देखा जा रहा है।

मामले के सामने आते ही जिला प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर पटवारी खेमराज साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वहीं आरआई और तहसीलदार से भी जवाब मांगा गया है। उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।