The Duniyadari: Raipur- राजधानी में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में युवाओं द्वारा खतरनाक स्टंट करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला घड़ी चौक से तेलीबांधा जाने वाले मार्ग का है, जहां चलती कार में युवकों की जोखिम भरी हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार कार की सनरूफ और खिड़की से बाहर निकलकर डांस करते नजर आ रहे हैं। व्यस्त सड़क पर की गई यह लापरवाही न केवल यातायात नियमों का खुला उल्लंघन है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रही कार का पंजीयन क्रमांक CG 04 PN 1405 है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए संबंधित युवकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि ऐसे स्टंट सड़क दुर्घटनाओं को न्योता देते हैं और इनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
इधर, रायपुर यातायात पुलिस पहले से ही सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चला रही है। रात के समय गश्त, वाहन जांच और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसके बावजूद रील बनाने के लिए स्टंटबाजी की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहन जब्ती और न्यायालयीन कार्रवाई भी की जा सकती है।
यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं और सोशल मीडिया के लिए किसी भी प्रकार के जोखिमपूर्ण स्टंट से बचें। विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों पर भविष्य में और अधिक सख्ती बरती जाएगी।















