Thursday, June 4, 2026
Home Breaking 9 जून की कैबिनेट बैठक पर सबकी नजर, विकास और प्रशासनिक सुधारों...

9 जून की कैबिनेट बैठक पर सबकी नजर, विकास और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े अहम फैसलों की उम्मीद

7

The Duniyadari: Raipur- छत्तीसगढ़ सरकार की अगली कैबिनेट बैठक 9 जून को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में आयोजित होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बनी हुई है। माना जा रहा है कि बैठक में राज्य के विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।

हाल के दिनों में राज्य सरकार ने प्रशासनिक सुधारों और विकास परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए हैं। पिछली मंत्रिपरिषद बैठक में भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए कर्मचारी चयन मंडल की संरचना में बदलाव को मंजूरी दी गई थी। इसके तहत चयन संबंधी व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

सरकार ने सार्वजनिक विभागों और संस्थानों में वर्षों से जमा अनुपयोगी सामग्री एवं स्क्रैप के निस्तारण की प्रक्रिया को भी अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने पर जोर दिया है। ई-नीलामी व्यवस्था के माध्यम से स्क्रैप बिक्री को बढ़ावा देने से राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ सरकारी परिसरों में स्थान और संसाधनों का बेहतर प्रबंधन संभव हो पाया है।

इसके अलावा सड़क निर्माण परियोजनाओं को प्रभावित करने वाली बढ़ती निर्माण लागत को देखते हुए सरकार ने ठेकेदारों को सीमित आर्थिक राहत देने का फैसला किया था। डामर की कीमतों में अचानक आई बढ़ोतरी के कारण कई परियोजनाओं की गति प्रभावित होने की आशंका थी, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया। सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों को बिना रुकावट जारी रखना और अधोसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है।

अब आगामी कैबिनेट बैठक से भी कई महत्वपूर्ण घोषणाओं और नीतिगत निर्णयों की उम्मीद की जा रही है। माना जा रहा है कि बैठक में जनहित, प्रशासनिक दक्षता और विकास योजनाओं को गति देने से जुड़े विषय प्रमुख रूप से चर्चा में रहेंगे।