The Duniyadari: Raigarh रेलवे स्टेशन पर एक मामूली कहासुनी ने अचानक बड़ा रूप ले लिया, जब प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। घटना उस समय हुई जब दरभंगा की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पर रुकी हुई थी और ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री पीने का पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी लेने के दौरान किसी बात को लेकर यात्री और कैंटीन कर्मचारी के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हाथापाई में बदल गई। प्लेटफॉर्म पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए।
सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान विवाद में उलझे यात्री की ट्रेन छूट गई, जिससे उसे परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है और विवाद की वजह जानने के लिए दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना का वीडियो भी कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जिसकी भी जांच की जा रही है।















