Thursday, March 19, 2026
Home देश रोशनी नाडर सबसे रईस भारतीय महिला अरबपति, Nykaa की फाल्गुनी नायर ...

रोशनी नाडर सबसे रईस भारतीय महिला अरबपति, Nykaa की फाल्गुनी नायर दूसरे स्थान पर, जानें कितने सम्पति की मालिक हैं ये महिला उद्योगपति

296

नई दिल्ली। कोटक प्राइवेट बैंकिंग-हुरुन की ताजा रिपोर्ट के अनुसार HCL टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नाडर मल्होत्रा भारत की सबसे धनवान महिला बनी हुई हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्ष 2021 में रोशनी नाडर की कुल संपत्ति 54 प्रतिशत बढ़कर 84,330 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। बता दें कि रोशनी नाडर मल्होत्रा (40) एचसीएल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक शिव नाडर की बेटी हैं।

सेल्फ मेड में महिला फाल्गुनी नायर सबसे आगे

नायका की फाउंडर फाल्गुनी नायर 57,520 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ सेल्फ मेड महिलाओं में सबसे आगे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 59 वर्षीय नायर की संपत्ति में 2021 के दौरान 963 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई।

फाल्गुनी नायर भारत की दूसरी सबसे धनी महिला हैं। इसके अलावा बायोकॉन की किरण मजूमदार-शॉ की कुल संपत्ति 21 प्रतिशत घटकर 29,030 करोड़ रुपये रह गई। इसके बावजूद वह देश की तीसरी सबसे धनवान महिला हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि सूची में शामिल 100 महिलाओं की कुल संपत्ति 2021 में 53 प्रतिशत बढ़कर 4.16 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो 2020 में 2.72 लाख करोड़ रुपये थी। ये महिलाएं भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में दो प्रतिशत का योगदान करती हैं।

सूची में सबसे अधिक दिल्ली-एनसीआर की 25 महिलाएं हैं। इसके बाद मुंबई (21) और हैदराबाद (12) का स्थान है। उद्योगों की बात करें तो भारत में शीर्ष 100 सबसे धनवान महिलाओं में 12 दवा क्षेत्र से, 11 स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र से और नौ उपभोक्ता वस्तुओं के क्षेत्र से हैं।