The Duniyadari: जांजगीर-चांपा। शादी का रिश्ता कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर हेडफोन और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए लड़की की आवाज में बात कर लोगों को शादी के लिए भरोसे में लेने और बाद में अलग-अलग बहानों से रकम वसूलने का आरोप है।
2 हजार रुपये के लेन-देन से खुला मामला
मामले की जांच एक शिकायत के बाद शुरू हुई। अजय राठौर ने 15 अगस्त को साइबर थाने में शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति ने अस्पताल जाने की बात कहकर तत्काल नकदी की जरूरत बताई और उसके फोन-पे खाते में 2 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बदले अजय ने उसे नकद रकम दे दी।
बाद में अजय के बैंक खाते पर होल्ड लगा तो उसे संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि उसके खाते में आई रकम साइबर ठगी से संबंधित थी। इसके बाद पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों, मोबाइल नंबरों और बैंक खातों के लेन-देन की तकनीकी जांच शुरू की।
तकनीकी जांच में दो आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू, निवासी अमोदा और सोनू साहू, निवासी चांपा के संबंध में सुराग मिले। पूछताछ में पुलिस को कथित तौर पर शादी के नाम पर लोगों को ठगने की पूरी प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिली।मोबाइल और ठगी से जुड़ी सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन, हेडफोन और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ से संबंधित फ्लेक्सी-पंपलेट समेत अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं। बैंक खातों और मोबाइल में मिले डेटा की तकनीकी जांच अभी जारी है।
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटाने में लगी है।
































