बेंगलुरु। बेंगलुरु में एक लड़की ने सोशल मीडिया पर खुद की और अपनी मां के पर्सनल फोटो अपलोड करने पर गुस्से में अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने लिव इन पार्टनर की हत्या कर डाली। पुलिस ने इस मामले में युवती और उसकी मदद करने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक डॉ. विकास यूक्रेन से अपना MBBS कोर्स पूरा करने के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में काम कर रहा था। पहले वह चेन्नई में था, बाद में सर्टिफिकेट कोर्स करने के लिए बेंगलुरु आ गया था। एक साल पहले विकास और प्रतिभा ने उडुपी गार्डन के पास किराए पर घर लिया और वहां साथ रहने लगे। उनके परिवारों को भी इस बात की जानकारी थी कि वे लिव-इन में हैं और शादी करने वाले हैं।
प्रतिभा को जब पता चला कि विकास ने फर्जी आईडी से उसकी और मां की फोटो अपलोड की है, तब उसने 10 सितंबर को विकास से इस बारे में पूछा। दोनों में जमकर झगड़ा भी हुआ। इसके बाद प्रतिभा ने अपने दोस्तों को घटना की जानकारी दी। वे लोग घर आए और दोबारा उनमें बहस हुई।
जिसके बाद प्रतिभा ने फर्श पोंछने वाले मॉब की छड़ी और बोतलों से विकास पर हमला कर दिया। जिससे वह बेहोश हो गया। आरोपी उसे जयश्री अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए सेंट जॉन्स मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
इस बीच प्रतिभा ने पुलिस को विकास के बेहोश होने की झूठी कहानी बताई और कहा कि विकास का दोस्तों के साथ झगड़ा हुआ था, जिसमें वह घायल हो गया। उसने ही विकास के बड़े भाई विजय को फोन किया और उसे भी यही बताया। मृतक विकास ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। विकास की मौत के बाद उसके भाई विजय ने बेंगलुरु पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर ही प्रतिभा और उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया।