Saturday, March 14, 2026
Home छत्तीसगढ़ वरिष्ठ आईएएस विकासशील होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव

वरिष्ठ आईएएस विकासशील होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव

70

The Duniyadari:  रायपुर। छत्तीसगढ़ को नया मुख्य सचिव जल्द मिलने जा रहा है। 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकासशील को राज्य का अगला मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने की तैयारी है। वर्तमान में वे मनीला स्थित एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। भारत सरकार ने उन्हें समय से पहले रिलीव कर दिया है और वे अगले हफ्ते रायपुर लौटने वाले हैं।

विकासशील का प्रशासनिक अनुभव बेहद समृद्ध रहा है। उन्होंने रायपुर और बिलासपुर जैसे महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर की भूमिका निभाई, वहीं राज्य शासन में वित्त, उद्योग, स्वास्थ्य और सामान्य प्रशासन जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा जल शक्ति मंत्रालय में भी उन्होंने महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के रूप में उनकी कार्यशैली विशेष रूप से सराही गई।

जनवरी 2024 में केंद्र सरकार ने उन्हें तीन साल की अवधि के लिए ADB भेजा था। वहीं मार्च 2025 में वे भारत सरकार में सचिव-ग्रेड के लिए एंपैनल हुए, जिसे छत्तीसगढ़ कैडर में उनकी उपलब्धियों के रूप में देखा गया। उनकी पत्नी और 1994 बैच की आईएएस अधिकारी निधि छिब्बर भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौट रही हैं।

मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन इस महीने के अंत तक रिटायर हो रहे हैं। उन्हें जून में तीन माह का सेवा विस्तार दिया गया था, जो 30 सितम्बर 2025 को समाप्त हो जाएगा। माना जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद वे राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त बनाए जा सकते हैं।

विकासशील छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव होंगे। इससे पहले राज्य में अरुण कुमार, एस.के. मिश्रा, ए.के. विजयवर्गीय, आर.पी. बागी, शिवराज सिंह, पी. जॉय उमेन, सुनील कुमार, विवेक ढांड, अजय सिंह, सुनील कुजूर, आर.पी. मंडल और अमिताभ जैन मुख्य सचिव रह चुके हैं।