The Duniyadari: बिलासपुर में साइबर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने खुद को विदेशी निवेशक बताकर एक वकील से 3 करोड़ 13 लाख 13 हजार रुपये की ठगी कर ली। मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित वकील से ठग ने “क्रिस डेविड” नाम की कथित लंदन निवासी महिला बनकर संपर्क किया। आरोपी ने छत्तीसगढ़ में रियल एस्टेट और अन्य व्यवसायों में निवेश का प्रस्ताव रखा और करोड़ों रुपये लगाने का भरोसा दिलाया।
ठग ने दावा किया कि 103 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दिलाने के लिए प्रोसेसिंग फीस और टैक्स जमा करना होगा। शुरुआत में वकील से 11.5 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर किस्तों में रकम मंगाई जाती रही। फरवरी से जून 2024 के बीच पीड़ित से कुल 3.13 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
पीड़ित को भरोसे में लेने और डराने के लिए ठग ने भारतीय रिजर्व बैंक, प्रवर्तन निदेशालय और अन्य सरकारी एजेंसियों का हवाला भी दिया। इस दौरान पीड़ित लगातार रकम भेजता रहा।
जांच में सामने आया है कि ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर पानीपत निवासी के नाम पर दर्ज है। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों के निवेश प्रस्ताव, लॉटरी या भारी मुनाफे के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज से सतर्क रहें।













