The Duniyadari: KORBA- जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में पत्नी की निर्मम हत्या करने वाले आरोपी पति को अदालत ने सख्त सजा सुनाई है।
प्रथम अपर सत्र न्यायालय कटघोरा की न्यायाधीश मधु तिवारी ने आरोपी धरम सिंह सिदार को आजीवन कारावास से दंडित किया है।
मामला 11 नवंबर 2022 का है, जब आरोपी अपनी पत्नी रजनी के साथ हरदीबाजार चौकी इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
घटना के दिन आरोपी ने पहले पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे लिए और बाद में नशे की हालत में घर लौट आया। इसके बाद उसने नई मोटरसाइकिल खरीदने के लिए पत्नी से एक लाख रुपए की मांग की।
पत्नी द्वारा इतनी बड़ी रकम देने से इनकार करने पर आरोपी का गुस्सा बेकाबू हो गया। विवाद के दौरान उसने पत्नी को जमीन पर पटक दिया और बेरहमी से मारपीट कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था।
अदालत ने सुनवाई के दौरान सभी साक्ष्यों और गवाहों को ध्यान में रखते हुए आरोपी को दोषी ठहराया और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इस फैसले को घरेलू हिंसा जैसे गंभीर अपराधों पर कड़ा संदेश माना जा रहा है।















