शराब पीकर स्कूल पहुंचने और आदेशों की अवहेलना पर सहायक शिक्षक पर गिरी निलंबन की गाज

5

The Duniyadari:जगदलपुर। बस्तर जिले में कर्तव्य में लापरवाही के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने प्राथमिक शाला फाफनी के सहायक शिक्षक एलबी अंशुराम कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई विकासखंड शिक्षा अधिकारी बस्तर से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की गई।

आदेश में उल्लेख है कि संबंधित शिक्षक पर नियमित रूप से शराब के सेवन के बाद विद्यालय में अध्यापन करने, शासकीय निर्देशों की अनदेखी करने और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के उल्लंघन का मामला सामने आने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि के दौरान अंशुराम कुमार का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बास्तानार निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।