The Duniyadari: Raigarh- जिले में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की समीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.व्ही. राव ने जिले के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक लेकर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में वर्ष 2025 की दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का विद्यालयवार विश्लेषण किया गया। डीईओ ने स्पष्ट किया कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 50 प्रतिशत से कम रहा है, उनके प्राचार्यों और संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया जाएगा। जिले के 54 विद्यालयों ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है।
नए शिक्षा सत्र को लेकर सभी विद्यालयों को अग्रिम तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को शुरुआत से ही परीक्षा ब्लू-प्रिंट की जानकारी देने, पाठ्यक्रम को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने तथा नियमित मूल्यांकन परीक्षाएं आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा शिक्षकों की उपस्थिति, समयबद्ध अध्यापन, डेली डायरी संधारण और शैक्षणिक गतिविधियों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विद्यालयों के वित्तीय प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। निष्क्रिय और डिफॉल्टर खातों को बंद कर उनकी राशि शासकीय खाते में जमा कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया। छात्रवृत्ति से जुड़े लंबित प्रकरणों का निपटारा करने तथा पात्र विद्यार्थियों की जानकारी पोर्टल पर तत्काल दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही समग्र शिक्षा योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को समय पर पूरा करने और स्कूल छोड़ चुके विद्यार्थियों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, प्राचार्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।















