Sunday, March 29, 2026
Home Breaking शिक्षिका की डांट से आहत 5वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, घटना...

शिक्षिका की डांट से आहत 5वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, घटना के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन

9

The Duniyadari: कन्नौज / उत्तर प्रदेश- उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां स्कूल में डांट से आहत कक्षा 5 की छात्रा ने घर लौटकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ गुस्से का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

मामला सौरिख थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बेहटा रामपुर का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अजय कुमार बाथम की दो बेटियां — निधि (कक्षा 5) और नेहा (कक्षा 3) — रोज की तरह शनिवार सुबह स्कूल पहुंची थीं। प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों की साफ-सफाई की जांच की जा रही थी, तभी एक शिक्षिका ने दोनों बहनों को गंदे कपड़े पहनकर आने पर डांट-फटकार लगाई और साफ-सफाई का ध्यान रखने की हिदायत दी।

बताया जा रहा है कि डांट से आहत दोनों बहनें रोते हुए घर लौट आईं और अपनी मां को पूरी घटना बताई। परिजनों के मुताबिक बड़ी बहन निधि इस बात से काफी परेशान हो गई थी। कुछ ही देर बाद उसने घर के बरामदे में कुर्सी पर चढ़कर लाल साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में खबर फैल गई।

घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने छात्रा का शव स्कूल परिसर में रखकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। देखते ही देखते गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके बाद प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। खंड शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ पाठक और छिबरामऊ के एसडीएम भी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन घटना को लेकर लोगों में गहरा दुख और नाराजगी बनी हुई है।