Friday, May 8, 2026
Home Breaking शिवपुराण कथा कराने के नाम पर 21 लाख की ठगी, आयोजक समिति...

शिवपुराण कथा कराने के नाम पर 21 लाख की ठगी, आयोजक समिति ने दर्ज कराई शिकायत

10

The Duniyadari: प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला राजनांदगांव जिले में सामने आया है। अंबागढ़ चौकी क्षेत्र की भोलेनाथ सेवा समिति ने हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि दिनेश साहू खुद को कथा आयोजन से जुड़ा व्यक्ति बताकर कई वर्षों से धार्मिक कार्यक्रम कराने की बात कहता था। इसी भरोसे पर समिति ने उससे संपर्क किया और शिवपुराण कथा आयोजित कराने की तैयारी शुरू कर दी। आरोप है कि दिनेश ने आयोजन तय कराने के नाम पर पहले पांच लाख और बाद में 16 लाख रुपये नगद लिए। रकम लेने के बाद उसने जल्द कथा की तारीख देने का भरोसा भी दिलाया।

कुछ समय बाद समिति को 8 से 14 मई तक कथा होने की जानकारी दी गई। इसके बाद आयोजकों ने बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया। बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगवाए गए तथा श्रद्धालुओं को निमंत्रण भी भेजे गए। लेकिन बाद में पता चला कि उन्हीं तारीखों में कथावाचक का कार्यक्रम रांची में पहले से तय है। इसके बाद समिति को शक हुआ कि उनके साथ धोखा हुआ है।

समिति अध्यक्ष दीपचंद रजक के अनुसार मामले की सच्चाई जानने के लिए वे सिहोर तक पहुंचे, लेकिन वहां भी उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद समिति ने दिनेश साहू से रकम लौटाने की मांग की, मगर वह लगातार टालमटोल करता रहा। आखिरकार परेशान होकर समिति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

वहीं आरोपी दिनेश साहू ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि समिति ने तय समय पर राशि जमा नहीं की थी, जिसके कारण कथा कार्यक्रम रद्द हुआ। उसने दावा किया कि रकम बैंक खाते में जमा कराने की बात कही गई थी, लेकिन समिति ने नकद भुगतान किया। दिनेश का यह भी कहना है कि वह धीरे-धीरे पैसा वापस कर रहा है और पांच लाख रुपये टेंट व्यवसायी के पास जमा हैं। साथ ही उसने पारिवारिक कारणों और चाचा के निधन की वजह से संपर्क में देरी होने की बात कही है।