The Duniyadari : कोरबा, 01 फरवरी यात्रियों की सहूलियत और सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए कोरबा रेलवे स्टेशन के सेकंड एंट्री गेट पर स्थित फुट ओवर ब्रिज को आज से दोबारा चालू कर दिया गया है। आवश्यक मरम्मत और तकनीकी सुधार पूरे होने के बाद रेलवे प्रशासन ने इसे यात्रियों के उपयोग के लिए सुरक्षित घोषित किया है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले स्टेशन साइडिंग क्षेत्र में कार्य के दौरान एक वाहन की टक्कर से फुट ओवर ब्रिज को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद डिप्टी मुख्य अभियंता (ब्रिज) द्वारा निरीक्षण किए जाने पर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर पुल पर जरूरी मरम्मत और संरचनात्मक मजबूती के कार्य तुरंत शुरू किए गए। आमतौर पर ऐसे कार्यों में लगभग दो महीने का समय लगता है, लेकिन यात्रियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए रेलवे ने इसे उच्च प्राथमिकता पर लेते हुए कम समय में ही पूरा कर लिया।
सभी सुधार कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण होने और सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद फुट ओवर ब्रिज को फिर से खोल दिया गया है। अब यात्री बिना किसी चिंता के इसका उपयोग कर स्टेशन परिसर में सुरक्षित और व्यवस्थित आवागमन कर सकते हैं।





























