Monday, October 19, 2026
Home देश संसद के विशेष सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक 17 को, क्या होगा...

संसद के विशेष सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक 17 को, क्या होगा एजेंडा कल हो जाएगा साफ

431

नई दिल्ली। All-party meeting on special session: सोमवार से शुरू हो रहे संसद के पांच दिवसीय सत्र से पहले सरकार रविवार को सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक कर उन्हें सत्र में होने वाले विधायी एवं अन्य कामकाज के बारे में जानकारी देगी और उनके विचार सुनेगी।हालांकि सत्र के लिए सूचीबद्ध एजेंडे का एक मुख्य विषय संविधान सभा से शुरू हुई संसद की 75 वर्ष की यात्रा पर एक विशेष चर्चा है।

अनुमान लगाया जा रहा है कि सरकार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति के प्रावधानों वाले विधेयक को भी सत्र में चर्चा एवं पारित कराने के लिए सूचीबद्ध किया है। यह विधेयक पिछले मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में पेश किया गया था।

इसके अलावा, डाकघर विधेयक, 2023 को भी लोकसभा की कार्यवाही में सूचीबद्ध किया गया है। यह विधेयक 10 अगस्त 2023 को राज्यसभा में पेश किया गया था। यह कार्य सूची अस्थायी है और इसमें अधिक विषय जोड़े जा सकते हैं।

सत्र को लेकर लगाए जा रहे कयास के बीच संसद को नए भवन में स्थानांतरित किए जाने की प्रबल संभावना है, जिसका उद्घाटन 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस बीच संसद के विभिन्न विभागों के कर्मचारी भी नयी वर्दी में दिखाई पड़ सकते हैं।

संसद के कर्मचारियों के एक वर्ग के लिए फूल की आकृति वाले नए ड्रेस कोड ने पहले ही एक राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने इसे सत्तारूढ़ पार्टी के चुनाव चिह्न कमल के फूल को प्रचारित करने के लिए एक सस्ती रणनीति के रूप में करार दिया है। बता दें कि यह मौजूदा लोकसभा का 13वां सत्र और राज्यसभा का 261वां सत्र है।