Wednesday, June 10, 2026
Home Breaking स्कूल में टिफिन विवाद ने पकड़ा तूल, जांच शुरू, एक महिला गिरफ्तार

स्कूल में टिफिन विवाद ने पकड़ा तूल, जांच शुरू, एक महिला गिरफ्तार

8

The Duniyadari: असम के गोलपारा जिले के एक सरकारी स्कूल में छात्रों के टिफिन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानूनी और सांप्रदायिक बहस का विषय बन गया है। आरोप है कि कुछ मुस्लिम छात्र अपने टिफिन में बीफ लेकर स्कूल पहुंचे थे और उन्होंने अपने सहपाठी हिंदू छात्रों को इसे खाने के लिए दबाव डाला। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित छात्रों के अभिभावकों ने विरोध जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि बच्चों के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रों और उनके परिजनों से पूछताछ की। जांच के दौरान एक छात्र की मां नूर साहिदा बेगम को संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया।

घटना के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो स्कूल परिसर में हुई घटनाओं और नियमों के उल्लंघन की जांच करेगी। समिति यह भी तय करेगी कि स्कूल प्रशासन को छात्रों के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए या नहीं।

इस घटना ने स्थानीय स्तर पर धार्मिक संवेदनशीलता और स्कूलों में आचार-व्यवहार के नियमों को लेकर नई बहस छेड़ दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्यों और जिम्मेदारियों को लेकर स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।