Monday, August 17, 2026
Home Breaking शिव महापुराण कथा से पहले चेन स्नैचिंग से हड़कंप, कलश यात्रा में...

शिव महापुराण कथा से पहले चेन स्नैचिंग से हड़कंप, कलश यात्रा में महिलाओं को बनाया निशाना

11

The Duniyadari: दुर्ग/भिलाई- भिलाई में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा शुरू होने से पहले निकली विशाल कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार को आयोजित यात्रा में हजारों महिलाओं की भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान करीब 4 से 5 महिलाओं के साथ चेन झपटने की शिकायतें सामने आईं।

सेक्टर-5 मंदिर से शुरू हुई कलश यात्रा बारिश के बीच उत्साह के साथ जयंती स्टेडियम स्थित कथा स्थल तक पहुंची। यात्रा में 11 हजार से अधिक महिलाओं के शामिल होने की जानकारी है। भारी भीड़ के बीच कथित तौर पर चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद यात्रा में शामिल महिलाओं में नाराजगी देखी गई। श्रद्धालुओं ने भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। खासतौर पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

700 से ज्यादा जवानों की तैनाती

पुलिस के मुताबिक 17 से 23 अगस्त तक चलने वाली शिव महापुराण कथा को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 20 राजपत्रित अधिकारियों सहित 700 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, कलश यात्रा के दौरान चेन स्नैचिंग के प्रयास से संबंधित शिकायतें मिली हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से संदिग्धों की पहचान कर रही है। मामले में दो से तीन संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

कथा से पहले पुलिस के सामने बड़ी चुनौती

शिव महापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में कलश यात्रा के दौरान सामने आई चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। अब कथा स्थल और आसपास के इलाकों में भीड़ नियंत्रण के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखनी होगी।

पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि आरोपों की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।