The Duniyadari: कोरबा- जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवा एसईसीएल कर्मचारी की नदी में डूबने से मौत हो गई। करीब 24 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय सुभांशु ध्रुव के रूप में हुई है। वह अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा घूमने गया था। बताया जा रहा है कि सभी लोग नदी के बीच बने एक टापू तक पहुंचे थे। लौटते समय सुभांशु का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते डूब गया।
घटना के बाद उसके दोस्तों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की। आसपास मौजूद ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक युवक पानी में लापता हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की गई। हालांकि अंधेरा और तेज बहाव के कारण रविवार रात अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान करीब साढ़े 11 बजे युवक का शव नदी से बरामद किया गया। शव मिलते ही परिजनों और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फिलहाल शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है और परिजनों को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
परिजनों ने बताया कि सुभांशु ध्रुव को चार वर्ष पहले अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर एसईसीएल में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई वर्षों से कोरबा क्षेत्र के सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत था। परिवार पहले ही एक बड़े दुख से गुजर चुका था और अब इस हादसे ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, एनीकट और जलाशयों के गहरे हिस्सों में जाने से बचें। प्रशासन का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।















