The Duniyadari: कोंडागांव- जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कामकाज का जायजा लेते हुए अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का गंभीरता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी करें, ताकि लंबित मामलों की संख्या कम हो सके।
उन्होंने बस्तर मुन्ने अभियान की प्रगति पर भी चर्चा करते हुए कहा कि हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी समय पर पोर्टल पर अपडेट की जाए। साथ ही डेटा एंट्री में शुद्धता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, जिससे योजनाओं की वास्तविक प्रगति का सही आकलन किया जा सके।
बैठक में जनदर्शन के लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करें और संबंधित आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं। विकासखंडवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सीईओ ने सभी विभागों को तय समय के भीतर लंबित मामलों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
अविनाश भोई ने कहा कि शासन की मंशा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ काम करना होगा और नियमित रूप से लंबित मामलों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा। बैठक में अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।















